गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा बयान – "देश में एक भी पाकिस्तानी नागरिक न रहे" – राज्यों को दिए सख्त निर्देश
शुक्रवार दोपहर को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक अहम बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश में एक भी अवैध रूप से रह रहा पाकिस्तानी नागरिक नहीं बचना चाहिए।
गृह मंत्री ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कहा, "हमें मिलकर एक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाना होगा, ताकि हमारे देश में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की जा सके और उन्हें तत्काल उनके देश वापस भेजा जा सके।"
यह बैठक हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर बुलाई गई थी। गृह मंत्री ने इस हमले को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक सुरक्षा पर विशेष चिंता जताई और सभी मुख्यमंत्रियों से अपने-अपने राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कई बार कुछ पाकिस्तानी नागरिक धोखे से या फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारत में प्रवेश कर जाते हैं और वर्षों तक यहां रह जाते हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर निकालना जरूरी है, ताकि आंतरिक सुरक्षा को किसी भी प्रकार का खतरा न हो।
गृह मंत्री अमित शाह ने बैठक में राज्यों के प्रशासन को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने राज्य में पाकिस्तानी नागरिकों के रिकॉर्ड की समीक्षा करें, और यदि कोई अवैध रूप से रह रहा है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि भारत की सुरक्षा सर्वोपरि है, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अंत में, गृह मंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार राज्यों को इस अभियान के लिए हर संभव सहयोग देगी और संबंधित एजेंसियों को विशेष निर्देश जारी कर दिए गए हैं।